प्रदेश का सबसे बड़ा भारत सोलर एक्सपो जोधपुर में प्रारंभ
जोधपुर – राजस्थान में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए भारत सोलर एक्सपो का शुभारंभ शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024 को पाल रोड स्थित अमरगढ़ रिसॉर्ट में हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन सौर ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख राष्ट्रीय कंपनियों, विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थाओं को एक मंच पर लाकर जनसामान्य को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त प्रयास है।
इस एक्सपो का उद्घाटन नगर निगम दक्षिण की महापौर वनीता सेठ ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश ओझा, डिस्कॉम के वॉइस हेड श्री हंणगाणी, तथा चीफ इंजीनियर श्री पीएस चौधरी उपस्थित रहे।
राजस्थान सोलर एसोसिएशन के सीईओ नितिन अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस एक्सपो में एक ही छत के नीचे देश की टॉप सोलर कंपनियाँ अपने उत्पादों और तकनीकों की प्रदर्शनी कर रही हैं। आमजन को सोलर ऊर्जा के उपयोग, लागत, बचत और पर्यावरणीय लाभों के बारे में सटीक व विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
पहले ही दिन 5,000 से अधिक लोगों ने एक्सपो का दौरा किया और 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित व्यवसाय की संभावना जताई गई।















